नामांकन भरने के उत्साह में प्रत्याशी भूल गया था अवकाश का दिन…
दुर्ग जिले में अब तक 55 प्रत्याशियों ने जमा किए है नामांकन…

द सिटी रिपोर्ट न्यूज@दुर्ग. जिले के 6 विधानसभा सीटों पर नामांकन दाखिले के लिए प्रत्याशी काफी उत्साह दिखा रहे है। इस बीच शनिवार को दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल करने कलेक्टे्रट पहुंचे नारायण यादव को बगैर नामांकन दाखिल किए वापस लौटना पड़ा।
दरअसल महीने का चौथा शनिवार होने से आज शासकीय अवकाश था। जिसकी वजह से कलेक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया भी बंद रही, लेकिन अवकाश की जानकारी के अभाव में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण यादव धमधा नाका से रैली की शक्ल में अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिले के लिए पहुंच गया था।
कलेक्ट्रेट परिसर में उनके समर्थक गाजे-बाजे की धून में नाच-गाकर अपनी खुशियों का भी इजहार कर रहे थे, तभी वहां मौजूद किसी ने उन्हे बताया कि आज अवकाश के कारण नामांकन प्रक्रिया बंद है। जिससे प्रत्याशी व उनके समर्थकों में निराशा छा गई और प्रत्याशी को बगैर नामांकन दाखिल किए वापस लौटना पड़ा।
बता दें कि निर्दलीय प्रत्याशी नारायण यादव धमधानाका कैलाश नगर का निवासी है। वह धमधानाका में यादव होटल का संचालन करता है। इसके पहले भी वह विधानसभा चुनाव लड़ चुका है। 30 अक्टूबर सोमवार को नामांकन प्रक्रिया की अंतिम तिथि है। 29 अक्टूबर को रविवार होने के कारण अवकाश रहेगा।
इसलिए प्रत्याशी नारायण यादव अब नामांकन के अंतिम तिथि में अपना नामांकन दाखिल करेंगा।
गौरतलब है कि जिले में विधानसभा चुनाव के नामांकन प्रक्रिया को पांच दिन पूरे हो गए है। शुक्रवार को पांचवे दिन 24 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र भरे गए थे। इससे पहले चार दिनों में 31 प्रत्याशियों ने नामांकन जमा किए थे। इन सबकों मिलाकर अब तक कुल 55 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्रजमा किए जा चुके है। वहीं नामांकन लेने वालों की संख्या 120 पहुंच गई है।
