
TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg/Raipur
कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में विगत दिवस जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति सहित बाल संरक्षण एवं महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न जिला स्तरीय समितियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समितियों के एजेंडावार विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।



कलेक्टर श्री सिंह ने बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बाल देखरेख संस्थाओं के अधीक्षकों को शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन एवं नाश्ता उपलब्ध कराने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रत्येक शनिवार को विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बाल देखरेख संस्थाओं में निवासरत आफ्टर केयर के लिए चिन्हांकित पात्र बच्चों के प्रस्ताव संचालनालय को भेजने, बालक कल्याण समिति दुर्ग में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा किशोर न्याय बोर्ड में विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालकों के प्रकरणों की सुनवाई एवं नियमानुसार त्वरित निराकरण के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री सिंह ने महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम, 2013 के प्रावधानों के तहत अशासकीय संस्थाओं में आंतरिक शिकायत समिति गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर में दर्ज प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा पीड़ित महिलाओं को तत्काल आश्रय एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, जिला कार्यक्रम अधिकारी आर.के. जाम्बुलकर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय साहू, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के परियोजना समन्वयक, बालक कल्याण समिति दुर्ग के अध्यक्ष एवं सदस्य, शासकीय एवं अशासकीय बाल देखरेख संस्थाओं के अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
===
