मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण कार्य में तेजी लाने,निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर शहरवासियों को जल्द उपलब्ध कराएं सुविधा-आयुक्त लीना कोसम

TheCityReportNews@Chhattisgarh/Bhilai-Durg
नगर पालिक निगम दुर्ग की नवनियुक्त आयुक्त लीना कोसम ने पदभार ग्रहण करते ही शहर की व्यवस्थाओं को लेकर सक्रियता दिखाई। उन्होंने आज शनिवार सुबह करीब चार घंटे तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों का मॉर्निंग विजिट कर सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा वार्डों में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 25,अग्रसेन चौक की सड़क पर पड़े बिल्डिंग मटेरियल एवं C&D वेस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क पर पड़े निर्माण अपशिष्ट को तीन दिवस के भीतर पूर्ण रूप से हटाना सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
मॉर्निंग विजिट में चार घंटे तक जमीनी व्यवस्थाओं का लिया जायजा,अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश…

इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 13 की बैंक लेन में बेस तक बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा वार्ड क्रमांक 12 एवं 13 में गीले एवं सूखे कचरे के पृथक संग्रहण की निरंतर मॉनिटरिंग करने के सख्त निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा अधिकारियों को नियमित रूप से मैदानी निरीक्षण कर व्यवस्था की निगरानी करनी होगी।
आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 12 में विद्युत खंभा क्रमांक 12 एवं 57 का तकनीकी परीक्षण तत्काल कराने के निर्देश दिए। साथ ही गजानंद विहार स्थित प्लॉट के भवन संबंधी भौतिक परीक्षण एवं जांच की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
आयुक्त लीना कोसम ने इंदिरा मार्केट, पुराना बस स्टैंड स्थित मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने निर्माण कार्य की गति की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि इसका लाभ शहरवासियों को जल्द मिल सके।
इसके पश्चात आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों के साथ सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति स्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि मूर्ति तैयार हो चुकी है तथा स्थापना कार्य शेष है। उक्त कार्य की लागत 50 लाख रुपये है और कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। आयुक्त ने शेष कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने तथा कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए।
केवल कागजों में प्रगति के रूप में न रखा जाए, बल्कि मैदानी स्तर पर वास्तविक रूप से पूर्ण कराकर उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए…

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो निर्माण कार्य किसी कारण से रुके हुए हैं अथवा जिनके कार्य शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों को केवल कागजों में प्रगति के रूप में न रखा जाए, बल्कि मैदानी स्तर पर वास्तविक रूप से पूर्ण कराकर उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
मॉर्निंग विजिट के दौरान आयुक्त लीना कोसम ने पुलगांव स्थित गोठान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गोठान में वर्तमान में कितनी गायें हैं तथा समूह में कितने सदस्य कार्यरत हैं, इसकी जानकारी समूह के संचालक से ली और गोठान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, सहायक अभियंता गिरीश दीवान, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, उप अभियंता मोहित मरकाम, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, शोएब अहमद सहित संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।
===
