मुआवजा राशि की मांग को लेकर वार्डवासियों ने किया चक्काजाम, घंटो बाधित रहा सड़क….

Thecityreportnews@durg. दुर्ग मोहननगर पुलिस थानांतर्गत धमधा नाका रोड स्थित पुलिस मोर्चा पॉइंट के सामने रविवार की रात बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। हादसे में तेज रफ्तार एक सफारी कार के पल्सर मोटर साइकिल सवार युवकों को ठोकर मारने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को आर्यनगर स्थित गायत्री हॉस्पिटल में इलाज के लिए दाखिल करवाया गया है। मृतक दुर्गेश यादव 25 वर्ष पिता नारद यादव शांतिनगर दुर्ग का निवासी था। घायल शीतलेश चंद्राकर 25 वर्ष पिता भीखम चंद्राकर शांतिनगर और मनीष चंद्राकर पिता गुपेंद्र चंद्राकर हरदी भिंभोरी थाना बेरला का निवासी है। घायलों में शीतलेश चंद्राकर की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। तीनों युवक रविवार की रात रेलवे स्टेशन से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर वापस लौट रहे थे। तब उन्हें सफारी कार ने अपने चपेट में ले लिया था।
हादसे की वजह अमृत मिशन योजना के कार्य को बताया गया है। धमधानाका रोड पर अमृत मिशन योजना का कार्य चल रहा है। जिसके चलते हादसा स्थल के पास दुर्ग से धमधा जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है। फलस्वरुप पुलिस मोर्चा पॉइंट चौक में यातायात का दबाव बढ़ गया है, जो गंभीर हादसे का कारण बना है। मोहन नगर पुलिस द्वारा सफारी कार चालक के विरुद्ध जुर्म दर्ज कर मामले को जांच पर लिया गया है।

इधर सोमवार की सुबह इस सड़क हादसे को लेकर जमकर बवाल मचा। गुस्साए वार्डवासियों ने मुआवजा राशि की मांग को लेकर धमधानाका रोड पर चक्काजाम कर दिया था। जिससे घंटों धमधा रोड में आवागमन बाधित रहा। नियम के अनुसार मुआवजा राशि देने के आश्वासन मिलने के बाद ही वार्डवासियों ने चक्काजाम समाप्त किया। पूरे चक्काजाम के दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रही।
बताया गया है कि सोमवार की सुबह मृतक दुर्गेश यादव के परिजन और वार्डवासी पुलिस अधिकारियों के साथ शव को लेने मर्रच्यूरी पहुंचे थे। इस दौरान मृतक के परिजन और वार्डवासियों द्वारा मृतक दुर्गेश यादव व गंभीर रुप से घायल शीतलेश चंद्राकर के परिजनों को 50 लाख और घायल मनीष चंद्राकर के परिजन को 25 लाख मुआवजा राशि देने की मांग को लेकर अड़ गए।

वार्ड के पार्षद देवनारायण चंद्राकर का कहना था कि मृतक व घायलों के परिवार को तत्काल मुआवजा राशि उपलब्ध करवाया जाए, अन्यथा वे शव को घटनास्थल पुलिस मोर्चा पॉइंट के सामने सड़क पर रखकर चक्काजाम कर शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। वार्डवासियों की मांगों से मौजूद पुलिस अधिकारी सकते में आ गए थे। मांगो को उन्होंने तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया फलस्वरूप दुर्ग एसडीएम मुकेश रावटे, नायाब तहसीलदार ख्याति नेताम, दुर्ग सीएसपी वैभव वैंकर मौके पर पहुंचे। सूचना पर विधायक अरुण वोरा भी मर्रच्युरी पहुंचे।

विधायक अरुण वोरा व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मृतक के परिजनों व वार्डवासियों को समझाया गया कि शासन के योजना के मुताबिक मुआवजा राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। लेकिन वे 50 लाख व 25 लाख रु. मुआवजा राशि की मांग को लेकर अड़े रहे। इस दौरान मर्रच्युरी में वार्डवासियों ने शासन प्रशासन के खिलाफ गुस्सा प्रकट करते हुए जमकर नारेबाजी भी की।
मुआवजा राशि को लेकर सहमति नहीं बनने से नाराज वार्डवासी मर्रच्युरी से बगैर शव लिए वापस लौट गए और घटनास्थल पुलिस मोर्चा पॉइंट धमधा रोड में चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरु कर दिया था। वार्डवासियों द्वारा चक्काजाम करने से धमधा रोड में घंटों आवागमन बाधित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। अंतत: वार्डवासियों को प्रशासनिक अधिकारियों से शासन के नियमानुसार मुआवजा राशि देने का आश्वासन मिलने के बाद ही चक्काजाम समाप्त किया। हादसे में मौत का शिकार हुए दुर्गेश यादव वाहनों की बॉडी बनाने का कार्य करता था। हादसे में घायल मनीष चंद्राकर मृतक का भांजा है। गंभीर रूप से घायल शीतलेश चंद्राकर पेशेे से ड्राइवरी करता है। विधायक अरुण वोरा ने मृतक के परिवार से मुलाकात की। वे घायलों का कुशलक्षेम जानने गायत्री हॉस्पिटल भी पहुंचे थे। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध करवाने के अलावा मृतक व घायलों को उचित मुआवजा राशि देने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है।
