देविका विगत 21वर्षों से कथक कर रही है। कथक में उन्होने एमए ,कोविद व विशारद की डिग्री हासिल की है….

द सिटी रिपोर्ट न्यूज@दुर्ग. पद्मनाभपुर निवासी कथक नर्तकी देविका दीक्षित नई दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में आयोजित नटनागर महोत्सव में सम्मानित की गई। यह महोत्सव स्व.गुरु पद्मविभूषण पंडित बिरजू महाराज के जन्म उत्सव पर आयोजित की गई थी। देविका ने इस महोत्सव में 2 नृत्य प्रस्तुत किए।
इस प्रस्तुतिकरण में गुरु पंडित कृष्णमोहन महाराज का योगदान रहा। वे पंडित बिरजू महाराज के छोटे भ्राता हैं। महोत्सव में देश के नामीगिरामी कथक नृत्यकारों ने अपने नृत्य की प्रस्तुति दी।
कथक की महानयिका पद्मश्री स्व.सितारा देवी के सुपोत्र विशाल कृष्णा ने भी अपनी प्रस्तुति दी। वे नटराज स्व. पंडितगोपीकृष्ण के भतीजे हैं। वे कथक के मंजे हुए कलाकार व शिक्षक भी हैं।इनके अलावा जयपुर घराने की मशहूर नृत्यांगनाएँ बिस्मिल्ला ख़ान पुरस्कार प्राप्त गौरी दिवाकर व विधालाल ने भी नृत्य प्रस्तुत किया।
दुर्ग निवासी देविका दीक्षित ने महोत्सव में सराहनीय प्रस्तुति दी। देविका विगत 21वर्षों से कथक कर रही है। कथक में उन्होने एमए ,कोविद व विशारद की डिग्री हासिल की है। देविका की गुरु कृष्णप्रिय कथक केंद्र की संस्थापक श्रीमति उपासना तिवारी हैं। देविका ने बताया कि उसके कथक के इस लंबे सफ़र में श्रीमती उपासना तिवारी का विशेष योगदान रहा है। उपासना तिवारी के अतिरिक्त देविका ने पंडित कृष्णमोहन महाराज से भी कथक की शिक्षा प्राप्त की है।
