सी-2 लागत मूल्य में 50% लाभ जोड़कर एम एस पी और इसकी कानूनी गारंटी मांगा…

द सिटी रिपोर्ट न्यूज@दुर्ग.
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने रायपुर में कांग्रेस और भाजपा के प्रदेश कार्यालय में जाकर दोनों दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम किसान एजेंडा सौंपा जिसमें सी -2 लागत मूल्य पर 50% लाभ जोड़कर कृषि उपजों का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित करने और इसके परिपालन के लिए कानूनी गारंटी देने की मांग की गई है, उल्लेखनीय है कि किसान संसद में लिए गए निर्णय और पारित प्रस्तावों के आधार पर किसान एजेंडा तैयार किया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के किसान एजेंडा में एक बार कर्ज मुक्ति, संवैधानिक अधिकार प्राप्त राष्ट्रीय किसान आयोग का गठन करने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में धान के लिए निर्धारित उपज को बढ़ाकर 50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर और बीमित राशि को बढ़ाकर 1 लाख रुपए करने, आयात निर्यात नीति में किसानों को विश्वास में लिए बिना परिवर्तन न करने और किसानों के हितों की रक्षा करने, 5 साल में सिंचाई का रकबा दो गुना करने के लिए बजट प्रावधान करने, 60 साल से अधिक उम्र वाले किसानों को सम्मानजनक पेंशन देने, प्रत्येक सोसायटी में अनाज बैंक स्थापित करने, प्रत्येक ब्लॉक में भंडारण करने और प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने, मनरेगा को कृषि कार्य से संबद्ध करके 200 दिन काम की गारंटी देने, कृषि कर्ज की राशि के लिए बजट प्रावधान को 40 लाख करोड़ रुपए करने और ब्याज 2% तक सीमित करने आदि मांगों को शामिल किया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के प्रतिनिधि मंडल में राजकुमार गुप्त, झबेंद्र भूषण वैष्णव, बाबूलाल साहू, उत्तम चंद्राकर, पुकेश साहू और कांतिलाल देशमुख शामिल थे।
