कहा झूठ व लूट का जनता मतदान के माध्यम से राज्य की कांग्रेस सरकार को देगी जवाब…

द सिटी रिपोर्ट न्यूज@दुर्ग. पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने भाजपा के चुनावी आरोप पत्र को राज्य की कांग्रेस सरकार के झूठ व लूट का कालाचिट्ठा बताया है। उन्होने जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को मीडिया से चर्चा करते हुए भूपेश बघेल सरकार पर आरोपों की बौछार लगाते हुए कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया है, बल्कि भ्रष्टाचार के मामले में लूट मचा दी है।
भाजपा का यह आरोप पत्र राज्य की कांग्रेस सरकार के झूठ व लूट का कालाचिट्ठा है। राज्य की कांग्रेस सरकार के झूठ व लूट से जनता अपने आप को छला हुआ महसूस कर रही है। जिसका जवाब जनता आगामी विधानसभा चुनाव में अपने मतदान के माध्यम से कांग्रेस को देगी।
चर्चा में पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार की सीरीज चलाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार का भ्रष्टाचार अभी पूरा सामने नहीं आया है, जब भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ में आएगी और भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाएगी,तब कांग्रेस के भ्रष्टाचार का पूरा आँकड़ा और सच सामने आएगा।
श्री पाण्डेय ने प्रदेश की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के 15 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की 9 वर्षों के सेवा-सुशासन-गरीब कल्याण के कार्यक्रमों का ब्योरा देते हुए प्रदेश की भूपेश सरकार को छोटी आबादी की सबसे बड़ी भ्रष्ट सरकार बताया है।
श्री पांडेय ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव कोई सामान्य चुनाव नहीं है। यह चुनाव छत्तीसगढ़ की सुनहरे भविष्य को आधारशिला रखने वाला चुनाव होगा। छत्तीसगढ़ में पाँच सालों से वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार और घपलों-घोटालों की सरकार चल रही है। भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ आरोप पत्र तैयार किया है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि सन 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को विकसित करने के अनेक प्रयास हुए, लेकिन 2018 में छत्तीसगढ़ में बनी कांग्रेस की सरकार ने प्रधानमंत्रीश्री मोदी का साथ देने के बजाय छत्तीसगढ़ में लूट खसोट, भ्रष्टाचार और घपलों-घोटालों की सरकार बनाई। जिसके कारण छत्तीसगढ़ विकास से पिछड़ गया है।छत्तीसगढ़ की जनता ने हमेशा भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया है। श्री पाण्डेय ने कहा है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी और डबल इंजन की सरकार प्रदेश को विकास की नई ऊँचाई प्रदान करेगी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस की भूपेश सरकार ने घपले-घोटाले कर के और छत्तीसगढ़ को एक परिवार का एटीएम बनाकर विकास के मार्ग से भटका दिया है। अब छत्तीसगढ़ की जनता को तय करना है कि हजारों करोड़ रुपए का घोटाले करने वाली भूपेश बघेल की सरकार चाहिए या विकास का रास्ता तय करने वाली भाजपा की सरकार चाहिए। आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के नाम पर धर्मांतरण कराने वाली राज्य सरकार आदिवासियों की संस्कृति के साथ खिलवाड़ कर रही है। पिछड़ा वर्ग समाज के साथ छल किया है। युवाओं को बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, जातिवाद, परिवारवाद और दिल्ली दरबार से मुक्ति के लिए अब जनता को फैसला करना है।
मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय के साथ जिला भाजपाध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा,महामंत्री सुरेन्द्र कौशिक,जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राजा महोबिया मौजूद थे।
